दिवाली की छुट्टियों में घर जा रही थी. मेरे साथ की सीटों पर एक फॅमिली बैठी थी. पति-पत्नी और दो बच्चे, अराध्य और आदि. अराध्य कोई 4 साल का होगा और आदि 6 साल का. बच्चे कभी ऊपर के बर्थ पे चड़ते तो कभी नीचे आ जाते. उधम मचाके अपनी मम्मी को खूब परेशान कर रखा था दोनों ने. घड़ी के 9 बज चुके थे. मम्मी पापा ने जैसे तैसे करके दोनों को खाना खाने बिठाया. नटखट बच्चे मासूम सी सूरत बनाकर सर पीछे की ओर दबाकर अपनी मम्मी को खाना परोसते हुए टकटकी लगाके ताकते जा रहे थे. मानो कहना चाह रहे हों, "जल्दी से खाने का प्रोग्राम ख़त्म करके हमें आज़ाद करो". आराध्य ने धीरे से रोटी का एक टुकड़ा तोड़ा और उसमें सब्जी डाल के बड़ी सावधानी से कोर मुहं में डाला. थोडा सा चबाकर उसने मम्मी की ओर देखते हुए धीरे से पूछा, "ये आपने बनाया है?" मम्मी ने बेपरवाह सी मुस्कान के साथ सर हिलाते हुए हामी भरी. उसपर अराध्य ने कहा, "अच्छा है." इस बार मम्मी फिर से मुस्कुराईं, पर अबकी बार मुस्कराहट में अजब सा सुकून और ख़ुशी साफ़ नज़र आ रही थी.
रोज़मर्रा के काम जब हमारे लिए आम बन जाते हैं तो हम भी अपने ही प्रयासों के प्रति लापरवाह हो जाते हैं. शायद हम दूसरों की नज़रंदाज़ी को अपनी बेपरवाही से ढकना चाहते हैं. वहीँ अगर कोई हमारे इन मामूली समझने वाले कामों को अहमियत दे तो अच्छा लगता है....
