शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2011

यूँ ही...

फ़रवरी माह का एक दिन. दिल्ली की कंपकपाती सर्दी  में मीठी  मीठी धूप सुहानी लगने लगी थी. ठिठुरती हड्डियों पर जब वो धूप पड़ती तो आह! कितना आराम लगता. आकाशवाणी भवन से बाहर निकली तो देखा गेट के साथ बने चबूतरे पर धूप पड़ रही थी. कुछ लोग  वहां  बैठकर धूप का आनंद ले रहे थे. मुझे कहीं जाना था पर उसमें  अभी घंटा शेष था. उसपर धूप के लालच में पड़कर में भी सड़क की तरफ मुहँ करके चबूतरे पर बैठ  गयी. अखबार के पन्ने पलट रही थी कि सड़क पर चलती बसों ने मेरा ध्यान खींचा. किसी ने मुझे सलाह दी थी कि दिल्ली में survive करने के लिए बस नंबर याद होना ज़रूरी है. तो उसी सलाह पर अमल करते हुए मैं बसों के नंबर याद करने में पूरी लगन से जुट गई. अकस्मात् ही मेरा ध्यान टूटा तो देखा कि मुझसे कोई एक फुट की दूरी पर एक अंकल बैठे हैं. रंग गैन्हुआ, उम्र कोई 40-50 साल, ठीक ठाक कद-काठी,  लम्बा सा काले रंग का कोट, खुली खुली सी काली पेंट, मध्यम आकार की दाढ़ी और सख्त काले बिखरे बाल. ऐसा लग रहा था के महीनों  से उनके शरीर और कपड़ो ने पानी छुआ तक नहीं है. कुल मिलाकर हूलिया तो उन्होने भिखारियों सा बना रखा था और वे अपने में ही कुछ बडबड़ाए  जा रहे हैं. कुछ बडबड़ाते हुए उन्होंने अपने थैली में से कुछ सफ़ेद कागज़ और पैन निकला. वो अपने शरीर को हल्का सा तिरछा झुकाकर कुछ लिखने में मगन  हो गए. ये सब देख मेरी उत्सुकता छलांगे मारने लगी. अंकल को शक न हो इसलिए मैंने बिना हिले डुले आँखों को पुरजोर  उनकी ओर घुमाके देखने की कोशिश की कि वे  क्या लिख रहे हैं. कोशिश नाकाम हुई और मुझे कुछ भी नहीं दिखा. फिर मैंने अपनी कोशिश और तेज़ कर दी और थोड़ा मुड़कर देखना चाहा कि वो आखिर लिख क्या रहे हैं? वाह! इतनी सुन्दर लिखाई, जैसे किसी कलाकार ने एक सीध में तरतीब से शब्दों को गड़ दिया हो! मैं पढ़ नहीं पाई,  पर वो तेज़ गति से अंग्रेजी में ही कुछ लिख रहे थे. अंकल ने मेरा रुझान भांप लिया और वे कुछ सजग हो गए. हडबडाहट की सी अवस्था में वो मेरी तरफ पीठ करके फिर से लिखने में जुट गए. मैं भी ठगी ठगी सी फिर से सड़क पे नज़रें गड़ा के बैठ गई. "अंकल तो काफी  पढ़े लिखे लगते हैं, पर इनका ये हाल??" इन सवालों के बीच मुझे बचपन की कुछ बातें याद आ गई. दादी हम भाई बहनों को ज्यादा पढाई करने पर टोकते हुए कहती थीं "इतना पढ़कर पागल होना है क्या?" और हम उनकी बातों पर हस्ते रहते थे. कहीं दादी माँ का डर..........कहीं इन अंकल के साथ कुछ वैसा ही तो नहीं हुआ? जो भी हो ये बात तार्किकता के पैमाने पे खरी नहीं उतरती. क्या शिक्षा की अति भी दिमाग के संतुलन को चरमरा देती है या फिर उसको ग्रहन करने का हमारा नज़रिया.??

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें